जयपुर। राजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष निरोधात्मक अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री रोकने के लिए नाकाबंदी, गश्त और दबिश की व्यापक कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई है, वहीं 4 लाख 19 हजार 648 लीटर वॉश नष्ट कर शराब माफियाओं पर बड़ा प्रहार किया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार 1 मई से 22 मई 2026 तक चलाए गए अभियान में कुल 1535 अभियोग दर्ज किए गए हैं, जबकि 724 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 5914 लीटर देशी शराब, 26 हजार 826 लीटर विदेशी शराब, 19 हजार 363 लीटर बीयर, 9929 लीटर हथकड़ शराब और 30 लीटर स्प्रिट जब्त की गई।
विभाग ने कार्रवाई के दौरान 74 वाहनों को भी जब्त किया है, जिनमें 5 बड़े वाहन, 11 चार पहिया और 57 दुपहिया वाहन शामिल हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.