जयपुर रेंज पुलिस ने सड़क हादसों में बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एक विशेष ट्रैफिक अभियान चलाया। यह अभियान शनिवार शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक चला, जिसमें महज 3 घंटे में 4138 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का उल्लंघन रोकना और सड़क सुरक्षा बढ़ाना था।
पुलिस ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तेज रफ्तार, दोपहिया पर तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना, मोबाइल पर बात करना, ओवरलोड, अवैध ब्लैक फिल्म और बिना नंबर/अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई की। इस दौरान कुल 1296 चालान बिना हेलमेट, 621 बिना सीट बेल्ट, 425 ओवरस्पीड, 301 ट्रिपलिंग और 62 शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर बनाए गए।
अभियान के दौरान थार, स्कॉर्पियो और बोलेरो जैसे 948 संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई। जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
यह अभियान जयपुर रेंज के सभी जिलों में विशेष रूप से लागू किया गया और इसे IG पुलिस के सख्त निर्देशों के तहत अंजाम दिया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.