Download App Now Register Now

जयपुर में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर अशोक गहलोत का बयान

जयपुर। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ईंधन के दामों में लगातार वृद्धि से केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकारों को भी अतिरिक्त फायदा हो रहा है। ऐसे में सरकार को इस लाभ का कम से कम आधा हिस्सा जनता को वापस देना चाहिए, ताकि लोगों को महंगाई से राहत मिल सके।

मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जितना लाभ केंद्र सरकार को मिलता है, उसी अनुपात में राज्यों के वैट संग्रह में भी बढ़ोतरी होती है। राज्य सरकार का राजस्व बढ़ रहा है, लेकिन इस पहलू पर कोई चर्चा नहीं हो रही।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सरकार अतिरिक्त आय का आधा हिस्सा भी जनता को लौटाए, तो पेट्रोल-डीजल के दामों में कुछ कमी लाई जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक स्थिति बताने के बजाय अलग तस्वीर पेश कर रही है।

अंतरराष्ट्रीय हालातों का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि यदि दुनिया में युद्ध या अन्य वैश्विक परिस्थितियों के कारण ईंधन कीमतों पर असर पड़ रहा है, तो सरकार को देश की जनता को सच्चाई बतानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को विश्वास में लेना जरूरी है।

इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भी उल्लेख किया। अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी लगातार विभिन्न मुद्दों पर सरकार को आगाह करते रहे। नोटबंदी से लेकर कोविड काल तक उन्होंने समय-समय पर अपनी राय रखी और कई मामलों में पहले ही चेतावनी दी थी। गहलोत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की भूमिका लोकतंत्र में बेहद महत्वपूर्ण होती है और उनकी बातों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब पक्ष और विपक्ष दोनों अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

दूसरी ओर, राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने भी अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार और तेल कंपनियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 1 जून से प्रदेशभर के पेट्रोल पंप संचालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं।

जयपुर में सीएनजी की कीमतों में 1.59 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी के बाद नई कीमत 96 रुपये प्रति किलो हो गई है। प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पहले ही 110 से 114 रुपये प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है।

Written By

Chanchal Rathore

Desk Reporter

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
| | राजस्थान वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026: ऑनलाइन आवेदन शुरू | | JDA के नोटिस के बावजूद चल रहा “Boss Cafe” का रूफटॉप रेस्टोरेंट, स्टे की आड़ में नियमों को चुनौती? | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! | राजस्थान हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: 'आटा-साटा' प्रथा को बताया कानूनी व नैतिक रूप से दिवालिया, कहा- 'बेटी किसी सौदे की कीमत नहीं' | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! | महिला आरक्षण पर सियासी संग्राम: CM का विपक्ष पर बड़ा हमला, डोटासरा बोले- “दिल्ली की पर्ची पढ़ रहे हैं मुख्यमंत्री!” | राम मंदिर में आज रचा जाएगा इतिहास! राष्ट्रपति करेंगी ‘श्रीराम यंत्र’ की स्थापना, 7000 मेहमान बनेंगे गवाह | गैस संकट पर सरकार की बड़ी सफाई: घबराहट में बढ़ी सिलेंडर बुकिंग, रोज 50 लाख डिलीवरी; पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी नहीं |