राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, जयपुर केंद्र ने अगले तीन घंटे में तेज बारिश, धूलभरी आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, डीग, चूरू और सीकर में 60-80 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जयपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, हनुमानगढ, श्रीगंगानगर और कोटपूतली-बहरोड़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं और बारिश हो सकती है।
28 मई से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आगामी दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है। 29, 30 और 31 मई को बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और जोधपुर, उदयपुर संभागों के कई जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है। इसके असर से प्रदेश के तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और वाहन सावधानी से चलाने की सलाह दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.