Download App Now Register Now

राजस्थान में 50 करोड़ रुपए GST चोरी का खुलासा, जयपुर में व्यापारी गिरफ्तार

जयपुर, राजस्थान: राज्य में वस्तु एवं सेवा कर (GST) चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वाणिज्यिक कर विभाग की प्रवर्तन शाखा-द्वितीय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 करोड़ रुपए से अधिक की कर चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी महेश चंद गुप्ता को गिरफ्तार किया गया और विशेष न्यायालय (आर्थिक अपराध), जयपुर में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

जांच में सामने आया कि महेश चंद गुप्ता जयपुर के विद्याधर नगर के निवासी हैं और जेएसएम इंडस्ट्रीज नामक फर्म का संचालन कर रहे थे। आरोप है कि फर्म के माध्यम से बड़े पैमाने पर बादाम की खरीद और बिक्री की गई, लेकिन इन लेन-देन को न तो लेखा पुस्तकों में दर्ज किया गया और न ही कर चालान जारी किए गए। इससे सरकार को करोड़ों रुपए का राजस्व नुकसान हुआ।

विभाग की जांच के अनुसार वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के दौरान माल की खरीद, भंडारण और बिक्री गुप्त रूप से की जाती रही। जांच के दौरान दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और ऑडिट रिपोर्ट का गहन परीक्षण किया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि कारोबारी द्वारा व्यवस्थित तरीके से कर चोरी की गई।

इस पूरे प्रकरण में 50 करोड़ रुपए से अधिक की GST चोरी का अनुमान है, जो राज्य के राजस्व के लिए बड़ा नुकसान है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 की धारा 69 के तहत गिरफ्तार किया गया। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि इस नेटवर्क में अन्य व्यक्ति, कारोबारी या फर्में शामिल थीं या नहीं। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

यह कार्रवाई अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) बाबू सिंह चौहान के निर्देशन तथा संयुक्त आयुक्त हरेन्द्र चौधरी की निगरानी में की गई। टीम में सहायक आयुक्त संदीप कुमार चौधरी, राजेश कुमार यादव, राज्य कर अधिकारी सुनील दत्त शर्मा और राहुल नाटाणी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

वाणिज्यिक कर विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर चोरी, अवैध कारोबार और बिना वैध दस्तावेजों के होने वाले व्यापारिक लेन-देन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि पारदर्शी कर व्यवस्था और राजस्व संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Written By

Chanchal Rathore

Desk Reporter

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
सूर्या के कत्ल की असली वजह आई सामने, बाइक बनी जानलेवा विवाद का कारण। | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | | | | राजस्थान वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026: ऑनलाइन आवेदन शुरू | | JDA के नोटिस के बावजूद चल रहा “Boss Cafe” का रूफटॉप रेस्टोरेंट, स्टे की आड़ में नियमों को चुनौती? | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! | राजस्थान हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: 'आटा-साटा' प्रथा को बताया कानूनी व नैतिक रूप से दिवालिया, कहा- 'बेटी किसी सौदे की कीमत नहीं' | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! |