जयपुर, राजस्थान: मौसम विभाग ने 3 जून को रात 8.20 बजे तीन घंटे का अलर्ट जारी किया है। इसके तहत राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, बूंदी, कोटा, झालावाड़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, जैसलमेर, फलोदी और उदयपुर जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन जिलों में 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में कई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और ट्रफ लाइनें मौजूद हैं, जिनका प्रभाव राजस्थान के मौसम पर स्पष्ट दिखाई देगा। वर्तमान में उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर बना चक्रवाती परिसंचरण शिफ्ट हो गया है, जबकि पाकिस्तान के उत्तरी हिस्से में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। मध्य एवं ऊपरी वायुमंडल में ट्रफ लाइन 70° पूर्वी देशांतर के आसपास बनी हुई है, जो उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रही है।
इन परिस्थितियों के कारण राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। जयपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जोधपुर संभाग के कई जिलों में मेघगर्जन के साथ 50–60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की आशंका भी है।
मौसम विभाग के अनुसार 4 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इस दौरान कई स्थानों पर 60–70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी, मध्यम से तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
03 से 07 जून के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग दिनों पर बारिश जारी रहेगी। पूर्वी राजस्थान में कई स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बारिश के आसार हैं। नागरिकों को खुले स्थानों से दूर रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.