जयपुर। राजस्थान में आंधी-बारिश के दौर के बाद अब फिर से गर्मी का जोर रहेगा। मौसम केन्द्र की ओर से गुरुवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी सप्ताह (5-11 जून) में आंधी और बारिश की गतिविधियां 7 जून तक जारी रहने की संभावना है, इसके बाद इन घटनाओं में कमी आने के आसार हैं। प्रथम सप्ताह तक तापमान सामान्य (35-40 डिग्री सेल्सियस) के आसपास रहेगा, जबकि दूसरे सप्ताह में तापमान सामान्य से ऊपर (40 डिग्री से अधिक) दर्ज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले सप्ताह (29 मई से 4 जून) के दौरान वर्षा औसत से अधिक रही। पूर्वी राजस्थान में 25.1 मिमी और पश्चिमी राजस्थान में 12.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भीलवाड़ा जिले में गुरुवार दोपहर बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से भारी बारिश हुई और शाहपुरा, धनोप और सांगरिया सहित कई स्थानों पर बेर के आकार के बड़े ओले गिरे। शहर चारों तरफ सफेद चादर में ढक गया। जयपुर में दिनभर की गर्मी और उमस के बाद देर शाम को तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। गुरुवार को 14 शहरों में तापमान 40 डिग्री से अधिक और 11 शहरों में तापमान करीब 40 डिग्री दर्ज किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 44.1 डिग्री दर्ज हुआ।
सूरतगढ़ में तेज आंधी और बारिश के दौरान चने के आकार के ओले गिरे। घड़साना में तूफान के कारण मकान की छत गिरने से कोमलसिंह नामक युवक की मृत्यु हो गई। उनकी पत्नी सर्वजीतकौर हादसे में घायल हुई और उनका इलाज घड़साना के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
अलवर जिले में दिनभर की उमसभरी गर्मी के बाद बारिश ने जनजीवन को राहत दी। शहर में सुबह से ही तेज गर्मी रही, लेकिन शाम को तेज हवा और बारिश ने तापमान को ठंडा किया। बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में मध्यम गति से बूंदाबांदी और तेज हवाओं का दौर चला। अलवर के पिनान, राजगढ़ और भिवाड़ी में भी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले तीन-चार दिनों तक राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.