| जयपुर। राजस्थान पुलिस ने अपराधियों और माफियाओं के विरुद्ध आर्थिक मोर्चे पर बड़ा अभियान शुरू किया है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के अनुसार, भारतीय सुरक्षा संहिता की धारा 107 के तहत राज्य में 636 अपराधियों की आपराधिक गतिविधियों से अर्जित 220 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्तियों को चिन्हित किया गया है और उनके विरुद्ध न्यायालयों में कड़ी कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है। अब तक 13 प्रकरणों में करीब 32 करोड़ की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। |
पुलिस ने विभिन्न न्यायालयों में 584 प्रकरणों में इस्तगासे पेश किए, जिनमें से 182 प्रकरणों में नोटिस जारी किए गए। वर्ष 2026 (1 जनवरी से 28 मई तक) में अपराधियों की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने के 39 कार्यवाहियां की गईं, जिनमें लगभग 35.10 करोड़ की संपत्तियां ध्वस्त की गईं। झालावाड़ जिले में सर्वाधिक 12 कार्यवाहियां की गईं, जिसमें लगभग 22.90 करोड़ की संपत्तियां नष्ट की गई।
राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) का गठन किया गया। जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच 36 मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ इस्तगासे पेश किए गए, जिनमें से 28 के विरुद्ध लगभग 33 करोड़ की संपत्तियां सीज और फ्रीज की गईं। पुलिस का यह अभियान अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने और अपराध एवं नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा। |
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.