राजस्थान की शिक्षक भर्ती में खेल कोटे के जरिए सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने इस मामले में जोधपुर जिले के पीपाड़ सिटी निवासी और टोगोबार खेल संघ के पूर्व सचिव बुधाराम टांक को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती-2022 में खेल कोटे के तहत फर्जी राष्ट्रीय स्तर के ताईक्वांडो प्रमाण-पत्र तैयार कर अभ्यर्थियों को नौकरी दिलाने का खेल चल रहा था। इन फर्जी दस्तावेजों के बदले अभ्यर्थियों से लाखों रुपये वसूले गए और उन्हें बैकडेटेड सर्टिफिकेट उपलब्ध कराए गए, जिनके आधार पर चयन प्रक्रिया में शामिल होकर कई अभ्यर्थियों को फायदा मिला।
एसओजी के अनुसार, भर्ती में खेल कोटे के तहत दो प्रतिशत पद आरक्षित थे और जांच में 38 अभ्यर्थियों के संदिग्ध प्रमाण-पत्र सामने आए हैं। एक अभ्यर्थी कविता ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने करीब 1.5 लाख रुपये देकर वर्ष 2016-17 का फर्जी राष्ट्रीय ताईक्वांडो प्रमाण-पत्र हासिल किया था।
जांच में यह भी पता चला है कि इस पूरे नेटवर्क में हरियाणा के कुछ व्यक्तियों की भी भूमिका थी, जो फर्जी प्रमाण-पत्र तैयार कराने में शामिल थे। एक प्रमाण-पत्र की कीमत करीब दो लाख रुपये तय थी, जबकि अभ्यर्थियों से डेढ़ लाख रुपये तक वसूले जाते थे।
फर्जी प्रमाण-पत्र बस के जरिए जोधपुर भेजे जाते थे, जहां से इन्हें अभ्यर्थियों तक पहुंचाया जाता था। इसके बाद इन्हें भर्ती प्रक्रिया में असली दस्तावेजों के साथ जमा किया गया।
एसओजी ने यह भी खुलासा किया है कि फर्जी सत्यापन के लिए मिलती-जुलती ई-मेल आईडी बनाकर दस्तावेजों को वैध दिखाने की कोशिश की गई। इससे पहले भी इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच अभी जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.