जयपुर के जगतपुरा इलाके में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान गर्म पानी से झुलसी मोमोज विक्रेता युवती रेशु गुप्ता का मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। घटना को लेकर कांग्रेस लगातार राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर हमलावर है। शनिवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट सर्किल पर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वीवीआईपी काफिले की लापरवाही के कारण युवती का ठेला पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। कांग्रेस का कहना है कि सुरक्षाकर्मियों की इस कथित लापरवाही के बाद भी मुख्यमंत्री का काफिला नहीं रुका और पीड़िता को तुरंत सहायता नहीं दी गई।
पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद न तो मुख्यमंत्री और न ही कोई बड़ा अधिकारी पीड़िता से मिलने पहुंचा। उन्होंने दावा किया कि युवती गंभीर रूप से झुलसी है और उसे अभी तक पर्याप्त आर्थिक या चिकित्सकीय सहायता नहीं मिली है।
कांग्रेस ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि पीड़िता को न्याय, मुआवजा और बेहतर इलाज नहीं दिया गया तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इस मामले को लेकर प्रदेश में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है और यह घटना अब पूरी तरह सियासी रंग ले चुकी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.