जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक द्वितीय श्रेणी भर्ती परीक्षा-2022 में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने वाले आरोपी चंद्रभान यादव को गिरफ्तार किया है, जिस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार आरोपी चंद्रभान यादव सीकर जिले के अजीतगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में जयपुर के राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में बीएएमएस प्रथम वर्ष का छात्र है। जांच में सामने आया कि 24 दिसंबर 2022 को आयोजित परीक्षा में मूल अभ्यर्थी अनिल कुमार मीणा ने अपनी जगह चंद्रभान यादव को बैठाकर परीक्षा दिलवाई थी, जिसके बदले में 1 लाख रुपए का सौदा तय हुआ था।
हैरानी की बात यह है कि इसी फर्जीवाड़े के आधार पर अनिल कुमार मीणा का चयन विज्ञान विषय के वरिष्ठ अध्यापक पद पर हो गया था। एसओजी पहले ही मूल अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर चुकी थी और अब डमी कैंडिडेट को भी पकड़ लिया गया है।
एसओजी इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है कि क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है और क्या अन्य परीक्षाओं में भी इसी तरह का डमी नेटवर्क काम कर रहा है। पुलिस का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.