राजस्थान के जैसलमेर नगर परिषद क्षेत्र के सांवल कॉलोनी स्थित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक मजदूर ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद मृतक की पत्नी ने पुलिस को सूचना देने के बजाय अन्य श्रमिकों की मदद से शव को पास की खाली जमीन में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक रतननाथ (40), निवासी भीलवाड़ा, अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटे के साथ एमआरएफ सेंटर के पास झोपड़ी बनाकर रहता था और वहीं सूखे कचरे की छंटाई का काम करता था। शनिवार शाम उसने टीन शेड में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
रात में घटना की जानकारी मिलने पर पत्नी ने पुलिस को सूचित नहीं किया और अन्य श्रमिकों के साथ मिलकर शव को दफना दिया। रविवार सुबह मामला सामने आने पर परिजनों और रिश्तेदारों को जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली।
कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने प्रशासन से अनुमति लेकर शव को बाहर निकालने और पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के बाद से एक रिश्तेदार के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.