राजस्थान के उदयपुर जिले के सुखेर थाना क्षेत्र में फुटिया घाटी कैलाशपुरी इलाके में प्रेम प्रसंग के चलते एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 26 जून को हिम्मत सिंह सोलंकी (45) का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 22 जून को हिम्मत सिंह को एक महिला के पास मिलने के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान पहले से तैयार आरोपियों ने पिकअप वाहन से उनकी कार को टक्कर मारकर उन्हें अगवा कर लिया। इसके बाद 8–10 लोगों ने मिलकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया और उन्हें जंगल में ले जाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और महिला के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर विवाद और रंजिश बनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने महिला भोली उर्फ भोलकी और उसके भाई ललित को गिरफ्तार किया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था और समाज के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.