हरियाणा के जींद जिले के जुलाना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 152D पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार को तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी और फिर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, करनाल से पांच श्रद्धालु कार में सवार होकर राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर जा रहे थे। रास्ते में एक आवारा कुत्ता आने से कार चालक ने ब्रेक लगाए और वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी और गड्ढे में पलट गया, जिससे कार और उसमें सवार लोग दब गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर राहत कार्य पूरा किया।
इस हादसे में धर्मपाल (45), राजकुमार (50) और स्वीटी (40) की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.