अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है। मामले में जेल में ही बंद उसके छोटे भाई पप्पू गुर्जर को कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दे दी गई है। इसके लिए उसने जेल प्रशासन को पत्र लिखकर अनुरोध किया था।
जानकारी के अनुसार, अदालत के आदेश के बाद पप्पू गुर्जर को सुरक्षा व्यवस्था के साथ धौलपुर जिले स्थित पैतृक गांव ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, शव के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराई जाएगी।
इधर, सिविल लाइन थाना पुलिस ने जेल प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है और जेलकर्मियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।
बताया गया कि घटना के समय जेल में बंद दो कैदियों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद जगन गुर्जर की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है और पूरे प्रकरण को साजिश बताया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.