राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 2 से 3 जुलाई के बीच मानसून के प्रवेश की संभावना है। इसके असर से कोटा और उदयपुर संभाग में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 6 जुलाई तक अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है।
पूर्वी राजस्थान के जिलों में 2 से 4 जुलाई के बीच तेज आंधी और धूलभरी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं बीकानेर संभाग में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस साल जुलाई में बारिश सामान्य से कम रह सकती है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
पिछले 24 घंटों में कई जिलों में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश से राहत भी मिली। कोटा, उदयपुर, भरतपुर और अलवर में बारिश और आंधी के बाद मौसम सुहावना हुआ, जबकि जयपुर, जोधपुर, अजमेर, सीकर और बीकानेर में उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे राज्य में गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.