राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 आज से शुरू हो गई है। यह परीक्षा 12 जुलाई से 18 जुलाई तक आयोजित होगी, जिसमें 14 विषयों के लिए अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।
राजधानी जयपुर में 170 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 4 लाख 15 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
जिला कलेक्टर के निर्देशन में सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। पुलिस बल, उड़नदस्ते, मजिस्ट्रेट और निगरानी टीमें तैनात की गई हैं। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की नकल या अव्यवस्था को रोका जा सके।
परीक्षा की प्रथम पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हो रही है। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 8 बजे से शुरू हो चुका है। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, अपने प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखें तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही, निषिद्ध सामग्री जैसे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.