हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा से कांग्रेस विधायक विनोद गोठवाल के खिलाफ रिश्वतखोरी का गंभीर मामला सामने आया है। कांग्रेस की पूर्व पार्षद शारदा पूनिया ने आरोप लगाया है कि उन्हें नगर पालिका अध्यक्ष (पालिकाध्यक्ष) बनाने के नाम पर विधायक ने कथित तौर पर 60 लाख रुपये लिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक और उनके पीएसओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच सीआईडी-सीबी को सौंपी गई है।
शिकायतकर्ता शारदा पूनिया का कहना है कि जून 2025 में यह रकम अमानत के रूप में विधायक को दी गई थी। उनका आरोप है कि जब लंबे समय तक उन्हें पालिकाध्यक्ष नहीं बनाया गया और उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो विधायक ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 20 जुलाई 2026 को कांग्रेस मंडल की बैठक के बाद उनके बेटे सूर्यप्रकाश ने रुपये वापस मांगे तो विधायक और उनके सहयोगी ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में आरोप है कि विधायक ने अपने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी।
वहीं विधायक विनोद गोठवाल ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी से कोई पैसा नहीं लिया और उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कानूनी कार्रवाई होगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.