प्रशासन के अनुसार अब तक 125 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाया जा चुका है, जिनमें 5 धार्मिक स्थल भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दीं। संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगाई गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार नंदपुरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई, जिससे वाई-फाई सेवाएं भी प्रभावित रहीं। क्षेत्र में कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही सीमित कर दी गई तथा लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की गई।
प्रशासन ने पूरे अभियान की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की। छतों पर मौजूद लोगों को पुलिस ने माइक के जरिए नीचे उतरने की चेतावनी दी और फोटो एवं वीडियो नहीं बनाने की अपील की।
प्रतिबंध जयपुर पुलिस कमिश्नरेट एवं जयपुर जिले के विस्तृत क्षेत्र में लागू रहा। जयपुर उत्तर के रामगंज, गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर, भट्टाबस्ती, विद्याधर नगर एवं जयसिंहपुरा खोर सहित कई थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं प्रभावित रहीं।
वहीं जयपुर पूर्व के बस्सी, कानोता, तूंगा, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, जामडोली, एसएमएस अस्पताल, गांधी नगर, लालकोठी, मोतीडूंगरी, एयरपोर्ट, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, बजाज नगर, खो-नागोरियान, सांगानेर, प्रताप नगर, रामनगरिया और मालपुरा गेट थाना क्षेत्र भी नेटबंदी के दायरे में रहे।
इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आवश्यक था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.