राजस्थान के अजमेर जिले में मानव तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। सात माह पहले लापता हुई एक नाबालिग किशोरी को कथित तौर पर मानव तस्करों ने चूरू जिले के सरदारशहर में 3 लाख रुपये में बेच दिया और उसकी शादी 45 वर्षीय व्यक्ति से करवा दी। पीड़िता की मां की शिकायत पर दरगाह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को सरदारशहर से बरामद कर लिया तथा मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात के पीछे मानव तस्करी का एक संगठित गिरोह सक्रिय है।
पीड़िता की मां के अनुसार, उसकी बेटी का एक पश्चिम बंगाल की महिला के घर आना-जाना था। करीब सात महीने पहले उक्त महिला नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई और बाद में उसे अजमेर के ताराशाह नगर क्षेत्र की दो महिलाओं के हवाले कर दिया। आरोप है कि एक ऑटो रिक्शा चालक की मदद से किशोरी को जबरन कार में बैठाकर चूरू जिले के सरदारशहर ले जाया गया। रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई और वहां पहुंचने के बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध एक अधेड़ व्यक्ति से विवाह करा दिया गया। इसके बदले आरोपियों ने 3 लाख रुपये की राशि प्राप्त की।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता की मां ने पड़ोस की एक किशोरी से बेटी के बारे में जानकारी जुटाई। पूछताछ के दौरान पश्चिम बंगाल की महिला का नाम सामने आया। बाद में मां ने संबंधित महिला से संपर्क किया और दबाव बनाने पर उसे सरदारशहर के एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला। उस नंबर पर संपर्क होने पर मां की अपनी बेटी से बात हुई। किशोरी ने बताया कि उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया है और लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने मां से पुलिस के साथ आने की गुहार लगाई।
पीड़िता की मां का कहना है कि बेटी के लापता होने के बाद उसने पहले भी शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने और सामाजिक संकोच के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका। बाद में एक समाजसेविका की मदद से दरगाह थाने में 13 जून को औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक उषा यादव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़ के निर्देश पर पुलिस टीम ने चूरू के सरदारशहर पहुंचकर किशोरी को सुरक्षित बरामद किया। पीड़िता के बयान दर्ज किए गए, मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए नारीशाला भेजा गया है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट, नाबालिग के शोषण, प्रताड़ना और अन्य संबंधित धाराओं को शामिल किया है। शुरुआती जांच में संगठित मानव तस्करी गिरोह के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं और पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.