Download App Now Register Now

जयपुर में तेज रफ्तार का कहर, दो अलग हादसों में तीन की मौत

राजधानी जयपुर में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहला हादसा विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर हुआ। पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 2:15 बजे एक्सप्रेस-वे हाईवे पर 14 नंबर पुलिया के आगे मोड़ पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और बीच में लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कई बार पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय कार में चार युवक सवार थे, जो दिल्ली की ओर जा रहे थे।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को तुरंत कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रवि कुमार बैरवा को मृत घोषित कर दिया। रवि दौसा जिले के दांतली गांव का निवासी था और परिजनों के अनुसार वह अपने दोस्तों के साथ खाटूश्यामजी जाने की बात कहकर घर से निकला था। दूसरे घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि कार के दरवाजे और खिड़कियां टूटकर अलग हो गए तथा कांच सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गया। कार में रखे 10 रुपये और 1 रुपये के नए नोट भी सड़क पर फैल गए। दुर्घटना के प्रभाव से एक युवक वाहन से बाहर उछलकर सड़क पर जा गिरा। घटना के बाद कार में सवार दो अन्य युवक अपने घायल साथियों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

उधर, जयपुर के सीकर रोड स्थित नींदड़ मोड़ पर एक और दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। यहां तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से संगीता कंवर और उनके 17 वर्षीय बेटे सूर्यप्रताप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों हादसों के बाद परिजनों में शोक की लहर है, जबकि स्थानीय लोगों ने हाईवे और प्रमुख मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की गई है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Written By

Chanchal Rathore

Desk Reporter

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | सूर्या के कत्ल की असली वजह आई सामने, बाइक बनी जानलेवा विवाद का कारण। | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | | | | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! | राजस्थान हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: 'आटा-साटा' प्रथा को बताया कानूनी व नैतिक रूप से दिवालिया, कहा- 'बेटी किसी सौदे की कीमत नहीं' | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! |