जयपुर के गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित शहीद स्मारक पर सोमवार को पेपर लीक के मुद्दे को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के साथ कुछ युवकों ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। घटना के दौरान धक्का-मुक्की और तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सीजेपी द्वारा आयोजित यह प्रदर्शन नीट परीक्षा और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक मामलों के विरोध में किया जा रहा था। धरना स्थल पर दोपहर करीब 3 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शन, भाषण और बहस का दौर चलता रहा। इस दौरान कई बार विवाद की स्थिति भी बनी। शाम करीब 4:45 बजे जब अभिजीत दिपके शहीद स्मारक पहुंचे तो समर्थकों ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें कंधों पर उठा लिया। इसी दौरान कुछ युवक उनके पास पहुंचे और कथित रूप से दुर्व्यवहार किया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शांति भंग करने के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान कानोता हीरावाला निवासी रोहित शर्मा और अजय शर्मा, बगरू कुचावास निवासी राकेश गुर्जर, सीकर निवासी कुलदीप सिंह शेखावत तथा जोधपुर निवासी निकेत के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार युवकों में एक भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष का भाई भी शामिल बताया जा रहा है। घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
मामला शांत होने के बाद अभिजीत दिपके ने सभा को संबोधित करते हुए नीट परीक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के दौरान बार-बार तकनीकी और प्रशासनिक खामियां सामने आती हैं, लेकिन चुनावों में ऐसी समस्याएं दिखाई नहीं देतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं से जुड़े वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए देश में धार्मिक और सामाजिक विभाजन की राजनीति की जा रही है। दिपके ने 20 जून को दिल्ली में बड़े प्रदर्शन की घोषणा करते हुए युवाओं से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, पार्टी पदाधिकारी संजय तथा नीट परीक्षा दे चुके कई विद्यार्थियों ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग उठाई तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
घटना के बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर कहा कि उनके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार किया गया है, लेकिन इससे उनका आंदोलन कमजोर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए संविधान और अहिंसा के रास्ते पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।
वहीं सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन को असफल बनाने के लिए राजनीतिक रूप से प्रेरित लोगों को भेजा गया था। उन्होंने कहा कि जयपुर में पार्टी को व्यापक समर्थन मिला है और राष्ट्रीय संयोजक के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर पार्टी की कानूनी टीम आगे की कार्रवाई पर विचार कर रही है।
दूसरी ओर एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में किसी भी संगठन या व्यक्ति की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगाड़ने में कुछ राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों की भूमिका रही है और यह युवाओं के आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश है।
डीसीपी साउथ राजश्री राज ने बताया कि मामले में शांति भंग के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। घटना के बाद शहीद स्मारक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.