कोटा में अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार को दिनभर तेज धूप रही और अधिकतम तापमान 35.9 से बढ़कर 36.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। अक्टूबर के पहले सप्ताह में भी तेज गर्मी और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अजमेर में रविवार को पूरे दिन मौसम साफ रहा। तेज धूप के चलते गर्मी का असर बना रहा। शहर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सीकर में रविवार को मौसम साफ रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले तीन-चार दिनों से रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
अलवर में सुबह से मौसम सामान्य रहा, लेकिन दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर दिखाई दिया। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले सात दिनों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
उदयपुर में रविवार को मौसम शुष्क रहा और आसमान साफ रहा। अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार की तुलना में तापमान में मामूली गिरावट आई। दिन में गर्मी का असर रहा, जबकि रात और सुबह मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा।
जोधपुर में अक्टूबर की शुरुआत के साथ गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। रविवार को अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राजस्थान में बारिश के आसार कम हैं और अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.