इस बहुराष्ट्रीय अभ्यास में भारत के साथ अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया की वायुसेनाएं शामिल हैं। वहीं यूएई, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायुसेनाएं भी तरंग शक्ति-2026 का हिस्सा हैं। अभ्यास के दौरान विभिन्न परिस्थितियों में संयुक्त ऑपरेशन और युद्ध कौशल का अभ्यास किया जा रहा है।
तरंग शक्ति अभ्यास के बीच 8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस के अवसर पर विशेष एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपने शानदार हवाई करतब दिखाएगी। सूर्यकिरण टीम के 9 हॉक विमान एक साथ आसमान में उड़ान भरकर अलग-अलग फॉर्मेशन बनाएंगे।
धुएं के जरिए आसमान में तिरंगे समेत आकर्षक फॉर्मेशन बनाए जाने की भी तैयारी है। इसके अलावा तेजस और सुखोई-30 MKI भी अपनी हवाई ताकत और युद्ध कौशल का प्रदर्शन करते नजर आएंगे।
विशेष एयर शो को लेकर जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समारोह में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के भी कार्यक्रम में शामिल होने के आसार हैं। हालांकि दोनों के दौरे को लेकर अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
एयर शो के लिए स्कूली बच्चों, NCC कैडेट्स, दिव्यांग बच्चों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। ऐसे में 8 अक्टूबर को जोधपुर के आसमान में युद्ध कौशल, एयरोबेटिक्स और रोमांच का शानदार संगम देखने को मिलेगा।
तरंग शक्ति-2026 का यह बहुराष्ट्रीय युद्धाभ्यास 12 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.