जयपुर, 15 अक्टूबर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने ग्रीस की राजधानी एथेंस में आईआईएएस शासन सूचकांक के प्रारंभिक स्वरूप का अनावरण किया। यह प्रस्तुति इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स एंड इंस्टीट्यूट्स ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (आईएएसआईए) के 2026 सम्मेलन के दौरान आयोजित कार्यक्रम में की गई।
आईआईएएस शासन सूचकांक के माध्यम से दुनिया के 164 देशों की शासन व्यवस्था का आकलन किया जाएगा। यह सूचकांक 50 संकेतकों और आठ विभिन्न स्रोतों पर आधारित है, जिसके जरिए शासन के छह प्रमुख आयामों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली का विश्लेषण करना और शासन व्यवस्था में सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों की पहचान करना है।
वी. श्रीनिवास के नेतृत्व में आईआईएएस की शोध परियोजना के तहत इस सूचकांक को विकसित किया गया है। संस्थान के वैज्ञानिक निदेशक डॉ. मार्को डे ला क्रूज विभिन्न देशों की शासन प्रणालियों का आकलन करने में जुटे हैं। इस पहल के जरिए शासन सुधारों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद और विचार-विमर्श को बढ़ावा देने के साथ ही आईआईएएस की भूमिका को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल एथेंस में सूचकांक की प्रारंभिक रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। इसका औपचारिक शुभारंभ सियोल में आयोजित होने वाले आईआईएएस-2026 सम्मेलन में किया जाएगा। इस दौरान सूचकांक की संपूर्ण मूल्यांकन पद्धति, प्रमुख निष्कर्षों और विभिन्न देशों की तुलनात्मक स्थिति को सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.