Download App Now Register Now

राजस्थान: रितु बराला केस में FIR की मांग पर रातभर पुलिस कमिश्नरेट में डटे रहे डोटासरा समेत कांग्रेस नेता, राहुल गांधी ने किया फोन

जयपुर। दिल्ली में NSUI की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले को लेकर राजस्थान में सियासी हलचल तेज हो गई है। जयपुर में संबंधित महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सोमवार रात जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में धरना दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास सहित कई नेता रातभर कमिश्नरेट परिसर में मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने मामले में जीरो नंबर FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

कमिश्नरेट में गद्दे बिछाकर सोए कांग्रेस नेता

FIR दर्ज नहीं होने से नाराज कांग्रेस नेताओं ने सोमवार देर शाम जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंचकर विरोध जताया। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास समेत अन्य नेता रातभर वहीं डटे रहे। नेताओं ने परिसर में गद्दे बिछाकर रात गुजारी, जबकि कांग्रेस की महिला नेता सोफे पर सोईं। मंगलवार सुबह कांग्रेस नेता कमिश्नरेट में चाय पीते नजर आए।

वहीं, यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ कमिश्नरेट के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी करते रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक मामले में FIR दर्ज नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

राहुल गांधी ने डोटासरा को किया फोन

इस मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से फोन पर बात की थी। खबर के मुताबिक, राहुल गांधी ने जयपुर में FIR दर्ज करवाने की बात कही थी। इसके बाद डोटासरा रितु बराला के साथ पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे और संबंधित महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ जीरो FIR दर्ज करने की मांग की।

डोटासरा ने पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल से फोन पर बात करते हुए मामले को व्यक्तिगत मुद्दा नहीं बनाने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि थाने में शिकायत देने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई और उन्हें कमिश्नरेट जाने के लिए कहा गया।

पहले मोती डूंगरी थाने पहुंची थी कांग्रेस की लीगल टीम

रितु बराला के साथ कांग्रेस की लीगल टीम पहले जयपुर के मोती डूंगरी थाने पहुंची थी। वहां कांग्रेस विधायक रफीक खान, अमीन कागजी और लीगल टीम ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। हालांकि, FIR दर्ज नहीं होने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल पुलिस कमिश्नरेट पहुंच गया।

प्रतिनिधिमंडल में गोविंद सिंह डोटासरा, प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान और जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित अन्य नेता शामिल थे।

क्या है रितु बराला से जुड़ा पूरा मामला?

यह मामला 13 अक्टूबर को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर NSUI के प्रदर्शन से जुड़ा है। रितु बराला के मुताबिक, वह अपने साथियों के साथ राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-7 के पास प्रदर्शन कर रही थीं। इसी दौरान दिल्ली पुलिसकर्मी उन्हें और अन्य प्रदर्शनकारियों को बस में बैठाकर कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन ले गए।

रितु बराला ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान उनके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। उन्होंने गर्दन दबाने, बाल खींचने, थप्पड़ मारने, शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट पहुंचाने और अपमानजनक टिप्पणियां किए जाने के आरोप भी लगाए हैं। उनके अनुसार, घटना के बाद उन्हें लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद 14 अक्टूबर को छुट्टी दे दी गई।

राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी उठाया था मुद्दा

14 अक्टूबर को राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रितु बराला ने अपने साथ हुई कथित घटना का जिक्र किया था। राहुल गांधी ने उस दौरान रितु की हिम्मत की सराहना करते हुए उन्हें ‘शेरनी’ कहा था।

रितु बराला मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनूं की रहने वाली हैं और राजस्थान विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में भी सक्रिय रही हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल, इस मामले में कांग्रेस की प्रमुख मांग जयपुर में जीरो FIR दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयान से होनी बाकी है।

 

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
Gold-Silver Price: सोना 1.50 लाख रुपये के पार, चांदी 2.15 लाख रुपये प्रति किलो पर स्थिर; दिवाली तक बढ़ेंगे दाम? | राजस्थान पंचायत समिति चुनाव 2026: दूसरे चरण में 8,989 प्रत्याशी मैदान में, 1,711 निर्विरोध निर्वाचित | राजस्थान पंचायती राज चुनाव: 21 और 22 अक्टूबर को BJP की अहम बैठकें, 17 जिलों में उम्मीदवारों के नाम पर होगा मंथन | विजयादशमी 2026: बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा, जानें इस पर्व का महत्व | Cyber Fraud Alert: न लिंक क्लिक, न OTP शेयर… फिर भी खाली हो सकता है बैंक अकाउंट, जानें क्या है SIM Swap फ्रॉड | Rajasthan Weather Update: राजस्थान के 4 संभागों में आज और कल बारिश के आसार, तेज हवाओं के साथ बदल सकता है मौसम | मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड, अवनी लेखरा ने सिल्वर; CM भजनलाल शर्मा ने दी बधाई | राजस्थान में सूखे के हालात पर अशोक गहलोत का सरकार पर हमला, बोले- पेयजल संकट दूर करने के लिए तत्काल करें व्यवस्था | राजस्थान की बेटियों का धमाल, मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड तो अवनी लेखरा ने दिलाया सिल्वर | Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ की कार पर 5 राउंड फायरिंग, हमलावरों की तस्वीर आई सामने; अंधेरी स्टेशन से बाइक बरामद |