Download App Now Register Now

प्रहलाद जोशी का कांग्रेस पर हमला, बोले- सत्ता परिवर्तन का रास्ता सिर्फ चुनाव, अराजकता से नहीं बदलेगी सरकार

जयपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने शनिवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता परिवर्तन का संवैधानिक रास्ता केवल चुनाव है, अराजकता नहीं।

प्रहलाद जोशी ने कांग्रेस के राजनीतिक अभियानों को असफल बताते हुए कहा कि पार्टी एक फेल प्रोजेक्ट को बार-बार नए तरीके से लॉन्च करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास करती है।

SIR पर कांग्रेस के आरोपों का दिया जवाब

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जोशी ने कहा कि कांग्रेस करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बिना सत्यापन के सभी नाम दोबारा जोड़ दिए जाने चाहिए? उनके अनुसार, मतदाता सूची में ऐसे नाम भी हो सकते हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जो स्थायी रूप से दूसरी जगह चले गए हैं या जिनका पता नहीं चल पाया है।

उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए आवेदन की प्रक्रिया उपलब्ध है। ऐसे में कांग्रेस को भ्रम फैलाने के बजाय मतदाता सूची को शुद्ध बनाने की प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए।

बैलेट पेपर से हुए चुनावों का भी किया जिक्र

राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कर्नाटक विधान परिषद और त्रिपुरा के स्थानीय निकाय चुनावों का उदाहरण दिया। उन्होंने दावा किया कि बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। जोशी ने सवाल उठाया कि जब चुनाव बैलेट पेपर से होते हैं, तब भी कांग्रेस चुनाव परिणामों और चुनाव आयोग पर सवाल क्यों उठाती है?

उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्तों एमएस गिल, टीएन शेषन और नवीन चावला का जिक्र करते हुए कांग्रेस के पुराने कार्यकाल और चुनाव आयोग के प्रति उसके रवैये पर भी सवाल खड़े किए।

बांग्लादेश के उदाहरण पर राहुल गांधी को घेरा

जोशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता परिवर्तन के संदर्भ में बांग्लादेश का उदाहरण देकर भारत में राजनीतिक अस्थिरता की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत है और सरकार बदलने का अधिकार जनता के पास है। जनता अपने मताधिकार के जरिए सरकार चुनती है।

दिवाली पर प्रदर्शन से व्यापारियों को नुकसान का आरोप

कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों पर निशाना साधते हुए जोशी ने कहा कि पार्टी दिवाली के समय प्रदर्शन कर व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे प्रदर्शनों से व्यापारियों को करीब 20 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज कर रही है और देश में 2.40 लाख से अधिक स्टार्टअप हैं।

न्यायपालिका और राहुल गांधी के विदेश दौरों पर भी उठाए सवाल

केंद्रीय मंत्री ने न्यायपालिका को लेकर कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब अदालत का फैसला पार्टी के पक्ष में आता है तो उसे सही बताया जाता है, जबकि विपरीत फैसला आने पर न्यायपालिका पर सवाल उठाए जाते हैं।

उन्होंने राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर भी सवाल किए और कहा कि उनके विदेश दौरों तथा वहां होने वाली मुलाकातों के बारे में जनता को जानकारी मिलनी चाहिए। इसके अलावा चुनाव आयोग के खिलाफ महाभियोग की चर्चा पर भी उन्होंने विपक्ष से सवाल किए।

भाजपा तथ्यों के साथ देगी जवाब

जोशी ने कहा कि भाजपा कांग्रेस के आरोपों का जवाब तथ्यों के साथ देती रहेगी। उन्होंने कांग्रेस के राजनीतिक अभियानों को सत्ता में वापसी का प्रभावी रास्ता मानने से इनकार किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ भी मौजूद रहे। SIR और वोट चोरी के आरोपों को लेकर दोनों दलों के बीच जारी बयानबाजी से राजस्थान की राजनीति में भी सियासी टकराव तेज होता दिखाई दे रहा है।

नोट: प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोप और आंकड़े केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के बयानों पर आधारित हैं।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
अर्नब चक्रवात का असर: राजस्थान में बारिश के साथ गिरे ओले, उत्तराखंड में बर्फबारी; ओडिशा में बाढ़-भूस्खलन से 3 की मौत | खाटूश्याम बाबा के दर्शन साढ़े 19 घंटे रहेंगे बंद, दीपावली पर मंदिर में होगी साफ-सफाई; जानें नया शेड्यूल | राजस्थान पंचायत चुनाव परिणाम: नीमकाथाना की 39 ग्राम पंचायतों में सरपंचों के नतीजे घोषित, सिरोही में सबसे बड़ी जीत | सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि, बोले- 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य | सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर जयपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिलाई एकता की शपथ | चक्रवात अर्नब की ताजा अपडेट: कमजोर पड़ा चक्रवात अर्नब, राजस्थान से बिहार तक मौसम का अलर्ट; अंडमान सागर में नया सिस्टम सक्रिय | चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: दिल्ली, महाराष्ट्र समेत 6 राज्यों में SIR की समयसीमा बढ़ाई, जानिए नई तारीखें | RSS के गढ़ नागपुर में कांग्रेस की जीत से BJP को झटका, पुणे में भी हारी; जानिए कहां बिगड़ा चुनावी गणित | भूटान में ग्लेशियर झील फटी, गासा का मशहूर गर्म पानी का कुंड बहा; भारत में बाढ़ का खतरा, बंगाल में 10 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए | मोदी नहीं, 'ओदी' कहिए... ज्ञानेश कुमार का नाम भी बदला, CJP नेता आशुतोष रांका ने समर्थकों को सिखाई कोड लैंग्वेज |