दौसा जिले में पंचायत चुनाव के दौरान 18 मतदान केंद्रों पर EVM में तकनीकी खराबी सामने आई। रामगढ़ पचवारा में 3, सिकराय में 2, शिवसिंहपुरा में 2, लालसोट में 5 और लवाण में 3 स्थानों पर मशीनों में खराबी की सूचना मिली। इसके चलते जिले में तीन स्थानों पर मतदान देरी से शुरू हुआ। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मशीनों की समस्या का समाधान कराया। फिलहाल सभी स्थानों पर मतदान जारी है।
सवाई माधोपुर के माणोली गांव स्थित बूथ संख्या 102 पर पंचायत समिति और जिला परिषद, दोनों की EVM मशीनों में खराबी आ गई। इसके कारण करीब 20 मिनट तक मतदान बाधित रहा। मशीनों को ठीक करने के बाद मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी गई।
सूरतगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में 112 बूथों और राजियासर पंचायत समिति क्षेत्र में 79 बूथों पर मतदान कराया जा रहा है। इस दौरान सिलवानी में EVM खराब होने के कारण करीब डेढ़ घंटे तक वोटिंग रुकी रही। प्रशासन ने दूसरी EVM मंगवाकर मतदान शुरू करवाया। वहीं 28 PNB मतदान केंद्र पर भी मशीन में खराबी के चलते करीब 22 मिनट तक मतदान शुरू नहीं हो सका।
खैरथल-तिजारा जिले की ग्राम पंचायत हिंगवाड़ा के मतदान केंद्र संख्या 81 पर सुबह करीब 8:15 बजे EVM ने काम करना बंद कर दिया। मतदान शुरू होने के कुछ समय बाद आई इस तकनीकी खराबी से प्रक्रिया प्रभावित हुई। प्रशासन की ओर से मशीन की समस्या दूर करने के प्रयास किए गए।
तीसरे चरण के चुनाव में 27 जिला परिषदों के 377 वार्डों और 116 पंचायत समितियों के 2,119 वार्डों में मतदान हो रहा है। इस चरण में कुल 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार 567 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
जिला परिषद और पंचायत समिति के कुल 9,094 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान के लिए प्रदेशभर में 11,869 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में सबसे अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं दौसा और हनुमानगढ़ में जिला परिषद के सबसे ज्यादा 24-24 वार्डों में चुनाव हो रहा है।
EVM में तकनीकी खराबी के बावजूद प्रशासन मतदान प्रक्रिया सुचारू रखने में जुटा है। विभिन्न मतदान केंद्रों पर मशीनों की जांच और आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.