पिछले दो दिनों से कोचिंग की अलग-अलग ब्रांच के बाहर छात्र क्लास खत्म होने के बाद कुछ समय के लिए एकत्रित होकर नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि, छात्रों का यह विरोध हंसी-मजाक और अनोखे अंदाज में देखने को मिला।
छात्रों के मुताबिक, हर साल दीपावली की छुट्टियों से तीन-चार दिन पहले कोचिंग संस्थान की ओर से उन्हें लड्डू बांटे जाते हैं। इस साल 5 नवंबर से दीपावली की छुट्टियां शुरू होनी थीं, लेकिन 3 नवंबर तक छात्रों को लड्डू नहीं मिले थे।
इसके बाद कुछ छात्रों ने 3 नवंबर को इंस्टाग्राम पर 'लड्डू जनता पार्टी' के नाम से पेज बनाकर कैंपेन शुरू कर दिया। पेज पर पोस्ट और मीम्स शेयर किए गए, जिन्हें हजारों व्यूज और लाइक्स मिले। धीरे-धीरे अन्य छात्र भी इस कैंपेन से जुड़ते चले गए।
लड्डू नहीं मिलने को लेकर छात्रों ने सोशल मीडिया पर मजेदार पोस्ट और मीम्स शेयर किए। कैंपेन को लेकर इंस्टाग्राम पर अच्छा खासा समर्थन देखने को मिला। वहीं, कोचिंग की अलग-अलग ब्रांच के बाहर छात्रों ने भी नारेबाजी कर अपनी मांग रखी। छात्रों का कहना था कि हर साल मिलने वाले लड्डू इस बार भी समय पर मिलने चाहिए।
मामले को लेकर कोचिंग प्रबंधन से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बार दीपावली पर मिठाई की मांग अचानक बढ़ गई थी। काम का दबाव अधिक होने के कारण समय पर हलवाई उपलब्ध नहीं हो सके। इसके चलते लड्डू तैयार करवाने और उनकी पैकिंग की व्यवस्था में देरी हुई।
प्रबंधन के अनुसार, छात्रों की मांग को देखते हुए अलग-अलग शहरों के हलवाइयों से भी संपर्क किया गया। अब गुरुवार से छात्रों को लड्डू बांटने शुरू कर दिए गए हैं। लड्डू मिलने के बाद छात्र भी खुश हैं।
कोटा देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों विद्यार्थियों के लिए जाना जाता है। लेकिन इस बार दीपावली से पहले यहां पढ़ाई के साथ 'लड्डू जनता पार्टी' का कैंपेन भी चर्चा का विषय बन गया। छात्रों के इस अनोखे अंदाज ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.