26 वर्षीय निक्की चौधरी मथुरादास माथुर (MDM) हॉस्पिटल में तैनात थीं और एसएन मेडिकल कॉलेज के एनेस्थीसिया विभाग में पीजी फर्स्ट ईयर की छात्रा थीं। गुरुवार शाम वह अपने हॉस्टल के कमरे में बेहोशी की हालत में मिली थीं। इसके बाद साथी डॉक्टरों ने कमरे का गेट तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और MDM हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद उम्मेद हॉस्पिटल परिसर में स्थित हॉस्टल के कमरे को सील कर दिया गया था। शुक्रवार सुबह एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कमरे में मौजूद सामान और अन्य परिस्थितियों का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निक्की की तबीयत गुरुवार सुबह भी खराब थी। उल्टी और दस्त की शिकायत के चलते वह ड्यूटी पर नहीं जा पाई थीं। इससे पहले बुधवार को भी तबीयत खराब होने के कारण वह छुट्टी पर थीं।
MDM हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित के मुताबिक, निक्की सुबह से अपने कमरे में थीं। शाम को जब उनके साथी डॉक्टरों ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद हॉस्पिटल प्रबंधन को सूचना दी गई। साथी डॉक्टरों ने गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां निक्की बेहोशी की हालत में मिलीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, निक्की ने घटना से पहले कुछ मेडिकल टेस्ट भी करवाए थे। उनके हाथ पर कैनुला लगा हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कैनुला कहां लगवाया गया था और उन्होंने कौन-सी दवाइयां ली थीं।
एडीसीपी नरेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। निक्की पहले से किसी बीमारी से पीड़ित थीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निक्की चौधरी मूल रूप से झुंझुनूं की रहने वाली थीं और जोधपुर में एनेस्थीसिया विभाग से पीजी की पढ़ाई कर रही थीं। वह उम्मेद हॉस्पिटल के पीजी हॉस्टल के कमरा नंबर 312 में रहती थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात उनके परिजन भी जोधपुर पहुंच गए। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल महिला डॉक्टर की मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.