चौपाल में रोजगार, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का ध्यान इन बुनियादी सुविधाओं की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए इन क्षेत्रों में प्राथमिकता से काम करने की आवश्यकता है।
चर्चा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायत गांव के विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का पैसा सीधे ग्राम पंचायतों के खातों में आता है। ऐसे में सरपंचों को जनता की भावनाओं और जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाने चाहिए।
उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ किसानों के हित में संचालित कृषि योजनाओं का लाभ भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
चौपाल में वक्ताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान अलग-अलग प्रत्याशी चुनाव लड़ते हैं, लेकिन जीत के बाद निर्वाचित सरपंच और पंच पूरे गांव के प्रतिनिधि होते हैं। उन्हें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को अपना मानकर काम करना चाहिए और बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करना चाहिए।
चर्चा में समाजसेवी घनश्याम सिंह पोद्दार, सेवानिवृत्त फोर स्टार भारत सिंह, सेवानिवृत्त विकास अधिकारी शुगर सिंह जाटव, शिक्षाविद् थान सिंह सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.