Download App Now Register Now

जनजातीय गौरव दिवस पर CM भजनलाल का बड़ा ऐलान, 3 साल में जनजातीय समाज के विकास पर 3200 करोड़ रुपये का प्रावधान

जयपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनजातीय समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वंचितों को प्राथमिकता देते हुए जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। राज्य सरकार ने पिछले तीन वर्षों में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए करीब 3 हजार 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

रविवार को आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। इसके बाद उन्होंने जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया है।

3200 करोड़ रुपये से जनजातीय क्षेत्रों का होगा विकास

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए लगभग 3200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत 10 आश्रम छात्रावास, 3 आवासीय विद्यालय, एक नया खेल छात्रावास और 250 नए मां-बाड़ी केंद्र खोले गए हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम-जनमन योजना के तहत बारां जिले के सहरिया क्षेत्र में 15 हजार 233 आवास, 23 संपर्क सड़कें और 15 नए बहुउद्देश्यीय केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही 51 वन-धन केंद्र गठित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से प्रदेश के 6 हजार 235 गांवों में रहने वाले लगभग 55 लाख जनजातीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।



 

किसानों को बांटे 25 लाख से अधिक बीज मिनी किट

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निशुल्क संकर मक्का बीज मिनी किट कार्यक्रम के तहत 25 लाख से अधिक मिनी किट वितरित किए गए हैं। वहीं, 3 लाख 50 हजार से अधिक निशुल्क हाइब्रिड सब्जी बीज मिनी किट भी उपलब्ध करवाए गए हैं।

उन्होंने पीएम कुसुम योजना का उल्लेख करते हुए सोलर पंपों की स्थापना को भी किसानों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सौंध माटी आदि धरोहर प्रलेखन योजना शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि डूंगरपुर में डूंगर बरंडा और बांसवाड़ा में बांसिया चारपोटा के स्मारकों का निर्माण करवाया जा रहा है। वहीं, उदयपुर में वीर बालिका कालीबाई संग्रहालय भी बनाया जा रहा है।

इसके अलावा बारां के सीताबाड़ी, उदयपुर के कमलनाथ महादेव, जावर माता मंदिर और रामकुंडा महादेव मंदिर, सलूम्बर के सोनार माता मंदिर तथा बांसवाड़ा के सलाकेश्वर महादेव मंदिर का विकास किया जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय खेलों में जनजातीय खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान

मुख्यमंत्री ने जनजातीय युवाओं की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान और देश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में समरकंद एशियन चैंपियनशिप में जनजातीय खिलाड़ियों ने लैक्रोस में रजत पदक हासिल किया था। वहीं, इस वर्ष रियाद एशियन लैक्रोस गेम्स में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक प्राप्त किए। इसके अलावा मलेशिया में आयोजित दक्षिण-पूर्व एशियाई लैक्रोस चैंपियनशिप-2026 में कांस्य पदक जीता।

लैक्रोस खिलाड़ियों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

कार्यक्रम में भारतीय महिला लैक्रोस टीम की कप्तान सुनीता मीना और राष्ट्रीय पुरुष टीम के उपकप्तान मोहनलाल गमेती ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उदयपुर में लैक्रोस एकेडमी की स्थापना और प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों, महिलाओं और युवाओं ने भी सरकारी योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए।

विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन

समारोह के दौरान 'परम्परा से प्रगति की ओर विकास यात्रा' और जनजातीय क्षेत्रों के आस्था केंद्रों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर जनजाति क्षेत्र विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक फूल सिंह मीणा, महेंद्रपाल मीणा, अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजी लाल मीणा सहित बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन | एयरटेल रिचार्ज प्लान: 349 रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं! एयरटेल ने वापस लॉन्च किया 299 रुपये वाला प्लान, जानें क्या मिलेंगे फायदे |