इस चरण में प्रदेश की 3747 ग्राम पंचायतों में 3747 सरपंच और 33,885 वार्ड पंच चुने जाएंगे। मतदान के लिए प्रदेशभर में कुल 11,905 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर 1.05 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए वोट डालेंगे। इनमें 54.88 लाख पुरुष और 51.05 लाख महिला मतदाता शामिल हैं।
पंचायत चुनाव के बीच जैसलमेर जिले से एक अलग तस्वीर सामने आई है। जिले की रामगढ़ पंचायत समिति की भोजराजपुरम ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार किया है। यहां पंच और सरपंच पद के लिए किसी भी व्यक्ति ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके चलते पंचायत में चुनावी प्रक्रिया में कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं है।
वहीं, जैसलमेर जिले की अन्य 239 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मुकाबला जारी है। यहां अधिकांश पंचायतों में 2 से 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि दो ग्राम पंचायतों में 10 से 19 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
लोकतंत्र के प्रति लोगों का उत्साह बालोतरा जिले में भी देखने को मिला। भीमरलाई स्टेशन स्थित मतदान केंद्र संख्या 21 पर 95 साल की बुजुर्ग महिला व्हीलचेयर के सहारे वोट डालने पहुंचीं। उम्र अधिक होने और चलने-फिरने में असमर्थ होने के बावजूद उन्होंने मतदान करने का उत्साह दिखाया। उनकी यह तस्वीर लोकतंत्र में भागीदारी और मतदान के महत्व का संदेश देती नजर आई।
इसी तरह श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ गांव में 90 वर्षीय माया बाई ने भी मतदान किया। अनूपगढ़ गांव 27 के बूथ संख्या 53 पर माया बाई लाठी के सहारे मतदान केंद्र पहुंचीं। इस दौरान उनके बेटे ने उन्हें संभालते हुए मतदान में सहयोग किया।
जैसलमेर की ग्राम पंचायत लाठी में भी सुबह से बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की मतदान केंद्रों पर आवाजाही देखने को मिली। कई मतदाता व्हीलचेयर और वॉकर की मदद से वोट डालने पहुंचे। वहीं, अनूपगढ़ की ग्राम पंचायत 27 ए में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मतदान केंद्रों पर महिला और पुरुष मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
खैरथल-तिजारा जिले की ततारपुर, मुंडावर, कोटकासिम और टपूकड़ा पंचायत समितियों की 117 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी है। कोटकासिम पंचायत समिति क्षेत्र की हरसोली ग्राम पंचायत में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। ग्रामीण अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान कर रहे हैं।
इस चरण में श्रीगंगानगर जिला चुनावी आंकड़ों के लिहाज से सबसे आगे है। यहां 307 सरपंच और 2695 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। अनूपगढ़ सहित जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है।
पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है। मतदाता बैलेट पेपर पर अपने पसंदीदा उम्मीदवार के नाम के सामने निर्धारित तरीके से वोट दे रहे हैं। मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां पहले से ही गांवों में पहुंच चुकी हैं। यही पोलिंग पार्टियां जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया के बाद अब पंच और सरपंच पदों के चुनाव संपन्न करा रही हैं।
मतदान करने के लिए मतदाताओं को अपना वोटर आईडी कार्ड या राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मान्यता प्राप्त अन्य पहचान दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य है।
प्रदेश की 3747 ग्राम पंचायतों में मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सबसे पहले वार्ड पंच पदों के परिणाम सामने आएंगे। इसके बाद सरपंच पदों के लिए मतगणना होगी। देर रात तक अधिकांश पंचायतों के चुनाव परिणाम आने की संभावना है।
राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में आयोजित किए गए हैं। इन चार चरणों के माध्यम से प्रदेश की कुल 14,403 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए भी मतदान प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है।
अब अंतिम चरण के मतदान के साथ ही ग्रामीण राजनीति में नई तस्वीर सामने आएगी। गांवों में किस उम्मीदवार को ग्रामीणों का समर्थन मिला और किसे हार का सामना करना पड़ा, इसका फैसला देर रात तक आने वाले चुनाव परिणामों से होगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.