जयपुर | राजस्थान में आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए शुरू की गई राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 अब लोगों की समस्याओं के समाधान का भरोसेमंद मंच बनती जा रही है। गुरुवार को रीको के कार्यकारी निदेशक आकाश तोमर ने सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन का निरीक्षण कर शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केवल अधिकारियों से रिपोर्ट ही नहीं ली, बल्कि जयपुर, अजमेर, खैरथल-तिजारा, बूंदी और सिरोही के परिवादियों से सीधे फोन पर बात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द समाधान कर शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
आकाश तोमर ने कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल आमजन की समस्याओं का अंतिम पड़ाव बनना चाहिए, जहां हर शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो।
अधिकारियों के अनुसार, रीको से संबंधित 1,918 शिकायतें पोर्टल पर दर्ज हुईं, जिनमें से 1,705 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। यानी करीब 89 प्रतिशत शिकायतों का समाधान हो चुका है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से हेल्पलाइन पर पहुंचकर शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर रहे हैं, ताकि जनता की समस्याओं का तेजी से समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.