जयपुर /जोबनेर | 7 अगस्त। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के तहत जोबनेर नगर में प्रस्तावित करीब 2.06 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को लेकर अंबेडकर भवन में संवाद एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर विकास कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी नेहा राठी ने की। उन्होंने कहा कि किसी भी विकास परियोजना की सफलता तभी संभव है, जब उसमें स्थानीय लोगों की भागीदारी और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने परियोजनाओं के दौरान आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
आरयूआईडीपी अधिकारियों ने पांचवें चरण में प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इनमें ड्रेनेज एवं बाढ़ प्रबंधन, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, पर्यटन विकास और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। सहायक अभियंता रियाज अहमद ने तकनीकी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजना की रूपरेखा समझाई और आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों को योजना में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
परियोजना समन्वयक गौरव गुप्ता ने आगामी कार्ययोजना और परियोजना की प्रगति से सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम में नगर पालिका आयुक्त हिमांशु सिंह, जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य हितधारक मौजूद रहे।
अंत में उपखण्ड अधिकारी नेहा राठी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता ही विकास योजनाओं की सबसे बड़ी ताकत है और इसी से उनका प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.