Download App Now Register Now

ANTF की जोधपुर में बड़ी कार्रवाई, 67 लाख की अवैध MD के साथ तस्कर गिरफ्तार

जयपुर, 27 अगस्त। नशे के सौदागरों के खिलाफ राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ANTF ने जोधपुर जिले के कापरड़ा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 231 ग्राम अवैध MD बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स बाजार में इसकी कीमत करीब 67 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक कार जब्त करते हुए फलोदी निवासी 31 वर्षीय रामपाल धतरवाल को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्यप्रदेश से तैयार MD लेकर राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र में सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ा था। जांच में सामने आया है कि नेटवर्क में केमिकल के बदले तैयार MD उपलब्ध कराने का कथित सिस्टम चल रहा था।

बिनावास टोल पर घेराबंदी कर पकड़ी कार

ANTF टीम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्विफ्ट कार जोधपुर-जयपुर हाईवे NH-25 से बिनावास टोल की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर टीम ने दो हिस्सों में निगरानी शुरू की। एक टीम बिनावास टोल पर पहुंची, जबकि दूसरी टीम ने टोल से पहले मोर्चा संभाला।

कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। टीम ने कार का पीछा करते हुए टोल पर मौजूद टीम को इसकी सूचना दी। टोल के पास कार की घेराबंदी कर उसे रुकवाया गया। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर 2 किलो 231 ग्राम MD बरामद हुई। पुलिस ने MD और कार RJ 19 CQ 0674 जब्त कर आरोपी रामपाल को गिरफ्तार कर लिया।

BSc और GNM की पढ़ाई, अस्पताल में भी कर चुका नौकरी

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रामपाल ने BSc और GNM की पढ़ाई की है। वह कुछ समय तक यश अमन हॉस्पिटल और होम केयर में भी काम कर चुका है। पुलिस के मुताबिक अधिक पैसा कमाने और अपने शौक पूरे करने के लालच में वह नशे की तस्करी में उतर गया।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश से डोडा पोस्त लेकर मारवाड़ की ओर आते समय उसे कोटा के आर.के. पुरम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में सजा के बाद वह करीब छह साल आठ महीने बाद दिसंबर 2024 में जमानत पर बाहर आया था।

जमानत पर बाहर आने के बाद फिर तस्करी

जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने एक रिश्तेदार के साथ दोबारा डोडा पोस्त की तस्करी शुरू कर दी। वर्ष 2025 में उसके रिश्तेदार के ट्रैक्टर-टैंकर के जरिए बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त सप्लाई के मामले में मध्यप्रदेश पुलिस ने रिश्तेदार को गिरफ्तार किया था। जांच में रामपाल का नाम भी सामने आया, जिसके बाद वह फरार हो गया।

करीब एक साल तक फरार रहने के दौरान आर्थिक तंगी के चलते उसने डोडा पोस्त की तस्करी छोड़कर MD की तस्करी शुरू कर दी, ऐसा पूछताछ में सामने आया है।

मध्यप्रदेश से राजस्थान तक MD सप्लाई का नेटवर्क

ANTF की पूछताछ में आरोपी के मध्यप्रदेश के तस्करों से संपर्क होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक वह मध्यप्रदेश से तैयार MD लेकर जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि राजस्थान में MD बनाने के लिए आवश्यक केमिकल की उपलब्धता पर सख्ती बढ़ने के बाद नेटवर्क ने कथित तौर पर मध्यप्रदेश में निर्माण का रास्ता अपनाया। आरोपी के अनुसार, वह जोधपुर क्षेत्र से आवश्यक केमिकल मध्यप्रदेश में मौजूद तस्करों तक पहुंचाता था और बदले में तैयार MD लेकर राजस्थान आता था।

नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी ANTF

ANTF अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मध्यप्रदेश से MD की आपूर्ति कौन कर रहा था, निर्माण के लिए कच्चा माल और केमिकल कौन उपलब्ध करवा रहा था और राजस्थान में तैयार MD किन-किन लोगों तक पहुंचाई जा रही थी।

पुलिस संभावित ठिकानों और नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

आमजन से सूचना देने की अपील

ANTF महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपराधी अथवा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी जानकारी होने पर ANTF को सूचना दें। सूचना ANTF नियंत्रण कक्ष 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

अधिकारी के अनुसार, कार्रवाई में शामिल टीमों को विशेष कार्यक्रम के दौरान ANTF मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
बीज घोटाले की जांच CBI से कराने की मांग, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा CM भजनलाल शर्मा को लिखेंगे पत्र | Gen-Z IPS अभिजीत पाटील का कमाल: AI और NATGRID की मदद से गैंगस्टरों पर कसा शिकंजा | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भरतपुर को बड़ी सौगात, 1,186 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण | जनजातीय क्षेत्रों के विकास को नई गति, 196.39 करोड़ रुपये के वार्षिक प्रस्तावों को मिली मंजूरी | इकोलॉजिकल ज़ोन में 'अयोध्या नगर'! 42 बीघा कृषि भूमि पर धड़ल्ले से प्लॉटिंग, जेडीए आखिर खामोश क्यों? | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | सूर्या के कत्ल की असली वजह आई सामने, बाइक बनी जानलेवा विवाद का कारण। | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | |