पुलिस के पहुंचने के बाद पथराव करने वाले लोग मौके से भागने लगे। पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को वहां से हटाया। पथराव की घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस की निगरानी में मतदान प्रक्रिया जारी है।
मामला राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय संख्या-5 का है, जहां वार्ड नंबर 51, 48 और 49 के लिए मतदान चल रहा था। बताया जा रहा है कि वार्ड 48 में फर्जी वोटिंग की अफवाह फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्र के आसपास जमा हो गए।
स्थिति बिगड़ने पर लोगों की ओर से पथराव शुरू कर दिया गया। इससे मतदान केंद्र के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर नागौर सीओ जतिन जैन के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया दोबारा सामान्य रूप से जारी रही।
नागौर सीओ जतिन जैन ने बताया कि फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराया जा रहा है। पथराव करने वाले लोगों की पहचान और घटना की जांच की जा रही है।
नागौर पुलिस ने मामले में दो लोगों को डिटेन किया है। पुलिस का कहना है कि मतदान खत्म होने के बाद घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मतदान केंद्र और आसपास के इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। पुलिस की निगरानी में मतदान प्रक्रिया जारी है। प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी अफवाह को दोबारा फैलने से रोका जाए और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।
निकाय चुनाव के पहले चरण में नागौर के अलावा राजस्थान के कुछ अन्य इलाकों से भी विवाद और गड़बड़ी की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में प्रशासन और पुलिस के सामने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखना बड़ी चुनौती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.