मतदान के बाद अशोक गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व चल रहा है और यह हमेशा मजबूत होता रहे, यही उनकी कामना है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।
गहलोत ने संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि देशवासियों को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान के तहत जो अधिकार मिले हैं, वे मजबूत बने रहने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयास किए गए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जनता को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आगे आना चाहिए।
जोधपुर नगर निगम चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। शहर में कुल 7 लाख 12 हजार 168 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
नगर निगम के 100 वार्डों में 385 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। बीजेपी और कांग्रेस ने सभी 100 वार्डों में अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। वहीं, 185 प्रत्याशियों में अन्य दलों के उम्मीदवारों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं।
जोधपुर में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। करीब 5 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं। वहीं, 184 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगाया गया है।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग स्थानों पर क्यूआरटी (Quick Response Team) तैनात की गई हैं। पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया मतदान व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
डीसीपी मनीष चौधरी और कमल शेखावत समेत पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
जोधपुर में मतदान प्रक्रिया के बाद 14 सितंबर को मतगणना होगी और इसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। फिलहाल शहर में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.