इन चुनावों में दोनों पंचायत समितियों की 45 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 300 प्रत्याशी मैदान में हैं। उम्मीदवार और उनके समर्थक भी मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते नजर आ रहे हैं।
आज के मतदान में मतदाता सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे पहले 14 नवंबर को इन्हीं क्षेत्रों के मतदाताओं ने जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान किया था। इस तरह पंचायत चुनाव की प्रक्रिया में मतदाता दो अलग-अलग चरणों में कुल चार पदों के लिए वोट डाल रहे हैं।
लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति की 25 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 168 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कुछ पंचायतों में सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। हमीरपुरा और खालियानाऊ ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए केवल दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं।
वहीं, मंगलूणा और खुड़ी बड़ी ग्राम पंचायत में सबसे ज्यादा 12-12 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन दोनों पंचायतों में मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है।
नवगठित बलारां पंचायत समिति की 20 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 132 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां पांच ग्राम पंचायतों में चार-चार उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं ढोलास ग्राम पंचायत में सबसे ज्यादा 11 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।
नई पंचायत समिति के गठन के बाद यहां होने वाले चुनाव को लेकर भी ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू की जाएगी। सबसे पहले वार्ड पंच पदों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके बाद सरपंच पदों की मतगणना होगी। देर रात तक विजेता प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होने की संभावना है।
अब सभी की नजरें मतदान के बाद आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। इन परिणामों से लक्ष्मणगढ़ और बलारां क्षेत्र की 45 ग्राम पंचायतों में नई ग्रामीण सरकार का गठन होगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.