वैशाली नगर थाना पुलिस के अनुसार, घटना 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। मयंक गोपालिया अपना कैफे बंद करने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान कैफे से कुछ दूरी पर पहले से घात लगाकर खड़े बदमाश पीछे से दौड़ते हुए आए और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमलावरों ने मयंक के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद भी बदमाश उन पर लगातार हमला करते रहे। मयंक को मृत समझकर आरोपी बाइक और स्कूटी पर सवार अपने अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गए।
सिर में गंभीर चोट आने के कारण मयंक का ऑपरेशन करना पड़ा था। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 11 दिनों तक उनका इलाज चला। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मयंक गोपालिया वैशाली नगर के वैशाली मार्ग पर 'ओवन द बेकरी' नाम से कैफे संचालित करते थे। कैफे में एक महिला कर्मचारी काम करती थी। उसका दोस्त मोहम्मद शाहरुख आए दिन उससे मिलने कैफे पर पहुंचता था।
बताया गया कि शाहरुख के बार-बार कैफे आने को लेकर मयंक ने उसे टोका था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। शाहरुख ने मयंक को जान से मारने की धमकी भी दी थी। 5 नवंबर को दिन में हुए झगड़े के बाद रात को आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर मयंक पर हमला कर दिया।
वैशाली नगर थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शाहरुख, अकमान और मोहम्मद रसीद उर्फ अल्तमस को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मिलकर कैफे संचालक पर जानलेवा हमला किया था।
अब मयंक गोपालिया की मौत के बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
जयपुर में मामूली विवाद से शुरू हुआ यह मामला अब हत्या में बदल गया है। 11 दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद कैफे संचालक की मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.