सीकर बचाओ संघर्ष समिति के अर्जुन तिवाड़ी ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि नशे के खिलाफ व्यापक जनसमर्थन जुटाने के लिए एक लाख लोगों के हस्ताक्षर एकत्रित किए जाएंगे। इसके बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ज्ञापन में सीकर को नशामुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की जाएगी।
अभियान के तहत शहर में विशाल पदयात्रा भी निकाली जाएगी। इसके माध्यम से आमजन, युवाओं और सामाजिक संगठनों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़कर नशामुक्त सीकर के लिए जनआंदोलन खड़ा करना है।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशा आज समाज के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है। इसकी वजह से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और कई परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ केवल प्रशासनिक कार्रवाई ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी भी जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से ही इस बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
नशामुक्ति अभियान के पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष अशोक चौधरी, जिला व्यापार संघ अध्यक्ष दयाल सिंह रोरु, कैलाश स्वामी, महंत सुनील तिवाड़ी, लड्डू दास महाराज, सुरेश पारीक सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और सीकर को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।
अब एक लाख हस्ताक्षरों और विशाल पदयात्रा के जरिए सीकर बचाओ संघर्ष समिति नशे के खिलाफ जनसमर्थन जुटाने की तैयारी में है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.