जयपुर। जिले में मंगलवार, 17 नवंबर को शक्ति दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों, किशोरी बालिकाओं और महिलाओं में एनीमिया की पहचान एवं रोकथाम के लिए विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत हीमोग्लोबिन की जांच, एनीमिया से पीड़ित लोगों को उपचार तथा आयरन की गोलियों का वितरण किया गया। साथ ही लोगों को पोषणयुक्त आहार लेने के प्रति जागरूक किया गया।
सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि शक्ति दिवस का मुख्य उद्देश्य बच्चों, महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया की दर को कम करना है। इसके तहत बच्चों, किशोरी बालिकाओं, विवाहित महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं की एनीमिया संबंधी स्क्रीनिंग एवं उपचार किया जाता है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान को एनीमिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के सहयोग से प्रत्येक मंगलवार को शक्ति दिवस आयोजित करता है। इस दिन विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से एनीमिया की पहचान, उपचार और बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाती है।
पोषणयुक्त आहार और नियमित जांच पर जोर
शक्ति दिवस के दौरान लोगों को आयरन युक्त एवं पोषणयुक्त आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और एनीमिया से बचाव के उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.