Download App Now Register Now

खाटूश्यामजी जन्मोत्सव पर वृंदावन की तर्ज पर सजेगा मंदिर, 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान; चलेंगी 12 स्पेशल ट्रेनें

सीकर। बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में तैयारियां तेज हो गई हैं। 20 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्तिक शुक्ल एकादशी-द्वादशी मेले में करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार बाबा श्याम का मंदिर वृंदावन की तर्ज पर सजाया जाएगा, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे 12 स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा।

240 CCTV कैमरों और ड्रोन से होगी निगरानी

मेले के दौरान पूरे खाटू कस्बे पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर रहेगी। प्रशासन की ओर से 240 सीसीटीवी कैमरे और दो ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी, 20 डीवाईएसपी, 30 सीआई, 80 एसआई, 120 एएसआई और हेड कांस्टेबल सहित 800 कांस्टेबलों का जाप्ता मांगा गया है। इसके अलावा 70 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, 800 होमगार्ड और 1000 सिक्योरिटी गार्ड तैनात करने की मांग की गई है।

यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 10 क्रेन लगाई जाएंगी। वहीं, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चार फायर ब्रिगेड और पांच मेडिकल कैंप भी स्थापित किए जाएंगे।

वृंदावन की थीम पर होगा बाबा श्याम का श्रृंगार

इस बार जन्मोत्सव पर मंदिर परिसर को वृंदावन की तर्ज पर सजाया जाएगा। मंदिर कमेटी अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान के अनुसार, मंदिर परिसर में जगह-जगह भगवान राधा-कृष्ण की लीलाओं का चित्रण किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न अवतारों के आकर्षक कटआउट भी लगाए गए हैं। मंदिर को मोर पंख और बेंगलुरु से आने वाले विशेष फूलों से सजाया जाएगा। वहीं, जन्मोत्सव के दिन गर्भगृह में कोलकाता के फूलों से विशेष श्रृंगार होगा, जिसके लिए वहां से विशेष कारीगर भी बुलाए जाएंगे।

श्रद्धालुओं के लिए 12 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा रेलवे

खाटूश्यामजी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। अब तक 12 स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। ये ट्रेनें दिल्ली, रेवाड़ी, हिसार, भिवानी और जयपुर से रींगस की ओर संचालित होंगी।

रींगस रेलवे स्टेशन पर 60 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के 150 जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा आठ अतिरिक्त टिकट बुकिंग काउंटर खोले जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए करीब 2 हजार लोगों की क्षमता वाला मेला शेल्टर बनाया गया है। स्टेशन पर एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी।

तोरण द्वार सहित खुले स्थानों पर आतिशबाजी पर रोक

जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए इस बार तोरण द्वार सहित खुले स्थानों पर आतिशबाजी करने पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन की ओर से एक निर्धारित स्थान पर आतिशबाजी की अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है। प्रतिबंधित स्थानों पर आतिशबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

खाटू कस्बे में रहेगा नो व्हीकल जोन

20 नवंबर को खाटूश्यामजी कस्बे में नो व्हीकल जोन लागू रहेगा। वाहनों को केवल सांवलपुरा पार्किंग और 52 बीघा पार्किंग तक ही आने की अनुमति होगी। इसके आगे श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक पहुंचना होगा। प्रशासन के अनुसार, यदि श्रद्धालुओं की संख्या 5 लाख से अधिक होती है तो भीड़ नियंत्रण के लिए चारण खेत, लखदातार ग्राउंड और 75 फीट ग्राउंड की ओर से 10 किलोमीटर से अधिक का पैदल मार्ग निर्धारित किया जा सकता है।

VIP दर्शन रहेंगे बंद, केवल प्रोटोकॉल दर्शन की अनुमति

मेले के दौरान मंदिर में VIP दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे। केवल निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही दर्शन की अनुमति होगी। आम श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन करवाने और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।

बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर कमेटी और प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा, यातायात, रेलवे और दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजामों के बीच इस बार खाटूधाम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन | एयरटेल रिचार्ज प्लान: 349 रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं! एयरटेल ने वापस लॉन्च किया 299 रुपये वाला प्लान, जानें क्या मिलेंगे फायदे |