जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने ‘चौथी बार गहलोत सरकार’ के नारे को लेकर कहा कि वह ऐसे नारे लगाने वालों को समझाते हैं कि यह नारा न लगाएं। उनके मुताबिक, कुछ लोगों को यह नारा अच्छा नहीं लगता और ऐसा होना भी स्वाभाविक है। गहलोत ने कहा कि वह दिल से कहते हैं कि वह संतुष्ट हैं, लेकिन अगर पार्टी हित में उन्हें मुख्यमंत्री बनाना जरूरी समझा गया तो हाईकमान फैसला कर सकता है।
गहलोत ने कहा कि वह चाहते हैं कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बने। मुख्यमंत्री पद पर रहें या नहीं, उनकी स्पिरिट में कोई कमी नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि उस वक्त जनता क्या चाहती है और पार्टी हित में क्या सही होगा, यह हाईकमान तय करेगा। गहलोत के मुताबिक, राजनीति में परिस्थितियां बदलती रहती हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि उन्होंने अब तक कभी कोई पद नहीं मांगा और न ही लॉबिंग करवाई। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ उन्हें हटाने की मांग लेकर कोई दिल्ली गया, तो उन्होंने उसका जवाब देने के लिए भी किसी को नहीं भेजा और अपना काम करते रहे।
गहलोत ने अपने पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थे, तब उनका इस्तीफा सोनिया गांधी के पास “परमानेंट पड़ा रहता था।” उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने तरीके से राजनीति की है और वह संतुष्ट हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई योजनाएं शुरू की गई थीं, जिन्हें लोग आज भी याद कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री रहते हुए गोविंद सिंह डोटासरा के कार्यकाल का जिक्र करते हुए अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले जाने की बात भी कही।
गहलोत ने कहा कि पिछली सरकार के कामकाज से राजस्थान में ऐसा माहौल बना था कि चुनाव से पहले ही इस तरह के नारे लगने लगे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.