डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर सीआईडी क्राइम ब्रांच की विशेष टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। सुरेन्द्र साहू बालोतरा जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में दर्ज 261 किलोग्राम डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांछित था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा है। इसके बाद एएसआई शंकर दयाल शर्मा और हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह तीन दिन पहले झारखंड पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने भेष बदलकर इलाके में रैकी की और आरोपी के संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी हरिहरगंज थाना क्षेत्र की एक तेल मिल में छिपकर रह रहा है। इसके बाद राजस्थान और झारखंड पुलिस ने समन्वय कर गिरफ्तारी की योजना बनाई।
सीआईडी क्राइम ब्रांच ने आईजी जोधपुर रेंज सत्येन्द्र सिंह और बालोतरा एसपी राजेश कांवट से समन्वय किया। इसके बाद सिणधरी थानाधिकारी शंकरलाल को पुलिस टीम के साथ झारखंड बुलाया गया।
सीआईडी क्राइम ब्रांच, सिणधरी थाना पुलिस और स्थानीय हरिहरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तेल मिल पर दबिश दी। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी जंगल की ओर भागने लगा। टीम ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सिणधरी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सिणधरी थाने में दर्ज मामले की जांच में झारखंड से डोडा पोस्त की सप्लाई होने का खुलासा हुआ था। इसी मामले में सुरेन्द्र साहू लंबे समय से फरार चल रहा था।
आरोपी से पूछताछ के जरिए तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उसके संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इससे नेटवर्क की अन्य कड़ियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
#डोडापोस्ततस्करी #राजस्थानपुलिस #सीआईडीक्राइमब्रांच #बालोतरा
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.