जानकारी के अनुसार, पंवार परिवार के सदस्य 17 नवंबर को उज्जैन, ओंकारेश्वर और राजस्थान के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए निकले थे। पांच दिन की यात्रा के बाद वे शनिवार को घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जयपुर के आगे एक ढाबे पर सभी ने साथ खाना खाया। इसके बाद एक क्रूजर बाकी दो गाड़ियों से करीब आधा घंटा पहले आगे निकल गई।
रात करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच कोटा के नांता क्षेत्र में शंभूपुरा के पास हाईवे पर खराब खड़े ट्रक में क्रूजर पीछे से जा घुसी। हादसे में वाहन में सवार लोगों की जान गई और कई लोग घायल हुए।
परिवार के सदस्य प्रदीप के मुताबिक, हादसे के समय पीछे आ रही गाड़ी में उनके फोन पर भांजी का कॉल आया। उसने मोबाइल पर लाइव लोकेशन भेजकर घबराई आवाज में बताया कि उनका एक्सीडेंट हो गया है और जल्द पहुंचने को कहा।
हादसे में कैलाश पंवार (32), उनकी पत्नी अनीता (28) और 13 साल की बेटी जाह्नवी की मौत हो गई। परिवार के चार सदस्यों में अब सिर्फ 9 साल का जगदीश बचा है। उसे मामूली चोट आई है।
अस्पताल में जगदीश को यह पता नहीं था कि उसके माता-पिता और बहन की मौत हो चुकी है। वह रिश्तेदारों से उनके बारे में पूछता रहा। परिजन उसे बताते रहे कि उन्हें चोट लगी है और इलाज चल रहा है। उपचार के बाद जगदीश को धुले रवाना कर दिया गया।
हादसे में सज्जन पंवार (70), उनकी पत्नी ऊषा (60), बहू माधवी (28) और पोती सान्वी (6) की मौत हो गई। परिवार में अब उनके बेटे गणेश (32) और 3 साल का पोता श्रीजीत बचे हैं।
सज्जन के भाई बाबूलाल पंवार (65) और उनकी पत्नी सुशीला (60) की भी हादसे में मौत हुई है। उनके बेटे शरद, बहू मनीषा और पोती मयूरी घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। परिजनों ने घायलों को अभी तक उनके माता-पिता की मौत की जानकारी नहीं दी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शंभूपुरा के पास सड़क पर खराब खड़ा ट्रक अंधेरे में क्रूजर चालक को दिखाई नहीं दिया। पुलिस के अनुसार, ट्रक की बैकलाइट नहीं जल रही थी और पीछे रिफ्लेक्टर या संकेतक भी नहीं लगाया गया था। हादसे में ट्रक चालक हारून भी घायल हुआ है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीं, ट्रक चालक हारून का दावा है कि ट्रक खराब होने के बाद वह उसके पीछे खड़ा होकर जांच कर रहा था और पीछे से आने वाले वाहनों को टॉर्च दिखाकर संकेत दे रहा था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.