यह दर्दभरी कहानी प्रियंका के भाई दिलीप मेघवाल ने बताई। दिलीप के मुताबिक, 20 नवंबर को बहन की शादी के कार्यक्रम में पिता डांस कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में दर्द उठा और बेचैनी होने लगी। परिवार के लोगों ने एंबुलेंस बुलाने के लिए 104 और 108 नंबर पर करीब 32 बार फोन किया, लेकिन कॉल अटेंड नहीं हुआ।
दिलीप ने बताया कि पिता की हालत बिगड़ने पर उन्हें ऋषभदेव हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिवार के लोग पिता को निजी कार से उदयपुर के निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता का शव हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखा गया। दिलीप ने बताया कि इसके बाद वह घर लौट आया और मां व बहन से कहा कि पिताजी ICU में भर्ती हैं। उनका अगले दिन ऑपरेशन होगा, इसलिए शादी की रस्में जल्दी पूरी करनी होंगी।
दिलीप ने बताया कि बहन की विदाई के समय उनकी रुलाई फूट पड़ी, लेकिन उन्होंने खुद को संभाल लिया। शादी के दौरान पिता की मौत का गम दिल में दबाए रखा, ताकि बहन की शादी में कोई रुकावट न आए।
दिलीप ने कहा कि बहन जब ससुराल पहुंच गई, तब उसे फोन कर बताया कि पापा नहीं रहे। पिता की मौत की खबर सुनकर प्रियंका को गहरा सदमा लगा।
छोटे भाई उमेश मेघवाल ने बताया कि जब बहन को ससुराल पहुंचने पर बताया गया कि पिता का निधन शादी से एक दिन पहले ही हो गया था, तो वह दोनों भाइयों से नाराज हो गई।
प्रियंका ने भाइयों से कहा कि एक बार उसे बता देते, तो वह अंतिम समय में पिता से मिल लेती।
उमेश ने बताया कि पिता के निधन के बाद मां गीतादेवी को भी गहरा सदमा लगा है। वह बार-बार पिता की बातें और उनके साथ बिताए पलों को याद कर रही हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
शादी की खुशियों के बीच पिता को खोने वाले परिवार के लिए यह घटना गहरा दुख लेकर आई। बेटी की विदाई तक पिता की मौत की खबर छिपाए रखने वाले भाइयों ने शादी की रस्में पूरी कराईं, लेकिन पिता के जाने का दुख पूरे परिवार पर भारी पड़ गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.