Download App Now Register Now

राजस्थान में 902.64 करोड़ रुपये से बनेंगे दो आधुनिक औद्योगिक पार्क, बूंदी और बालोतरा में 681 एकड़ भूमि पर होगा विकास

जयपुर, 27 नवंबर। राजस्थान में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत बूंदी और बालोतरा में दो नए आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इन पार्कों के विकास पर कुल 902.64 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी और इनके लिए 681.33 एकड़ भूमि प्रस्तावित है।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में भव्य योजना के तहत गठित राज्य स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दोनों औद्योगिक पार्कों की आर्थिक व्यवहार्यता का समुचित आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास संबंधी प्रस्ताव 30 नवंबर तक केंद्र सरकार को भेजने को कहा।

बूंदी और बालोतरा में कहां बनेंगे औद्योगिक पार्क?

बैठक में राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) की ओर से दो नए औद्योगिक पार्क विकसित करने के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।

प्रस्ताव के अनुसार, बूंदी जिले में लाखेरी के समीप खरायता में 370.05 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 468.49 करोड़ रुपये रखी गई है।

वहीं, बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी के समीप बोरावास-कलावा के द्वितीय चरण में 311.28 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है। इस परियोजना पर 434.15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी।

उद्यमियों को एक ही स्थान पर मिलेंगी सुविधाएं

रीको के प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला ने बताया कि प्रस्तावित औद्योगिक पार्कों में उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है।

इनमें सड़क, बिजली, पानी और भंडारण जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इसके अलावा, ‘प्लग एंड प्ले’ व्यवस्था के तहत उद्योग शुरू करने के लिए तैयार आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा।

औद्योगिक पार्कों में श्रमिकों के लिए आवास और हरित क्षेत्र विकसित करने का भी प्रस्ताव है। इससे उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में आसानी होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकेंगे।

केंद्र सरकार की भव्य योजना के तहत होगा विकास

केंद्र सरकार के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) की भव्य योजना के तहत देशभर में 100 आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

योजना के अंतर्गत राज्य सरकार या अधिकृत संस्था द्वारा विकसित किए जाने वाले औद्योगिक पार्कों के लिए प्रति एकड़ अधिकतम एक करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान है। चयनित औद्योगिक पार्कों को अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद दो वर्ष की अवधि में विकसित किया जाना है।

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य तथा राजस्व एवं उपनिवेशन विभागों के प्रमुख शासन सचिव टी. रविकांत और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख शासन सचिव हेमंत कुमार गेरा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्य सरकार की इस पहल से बूंदी और बालोतरा में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश आकर्षित करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने की उम्मीद है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
कोटा में खड़े ट्रक से टकराई क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत; 8 घायल | उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन |