Download App Now Register Now

राजस्थान पुलिस का साइबर सुरक्षा हैकाथॉन 28 नवंबर से, 37 टीमें 24 घंटे में खोजेंगी साइबर ठगी से निपटने के समाधान

जयपुर, 27 नवंबर। राजस्थान में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और पुलिस की जांच को तकनीक के माध्यम से अधिक प्रभावी बनाने के लिए राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से ‘साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में 28 और 29 नवंबर को आयोजित होने वाले इस हैकाथॉन में देशभर से चयनित 37 टीमें 24 घंटे तक लगातार काम कर साइबर अपराधों से निपटने के लिए तकनीकी समाधान और डिजिटल टूल्स विकसित करेंगी।

हैकाथॉन का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 10 बजे महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत करेंगे। वहीं, 29 नवंबर को शाम 4 बजे समापन समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास विजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे।

साइबर अपराधों से निपटने के लिए विकसित होंगे आधुनिक टूल्स

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) वी.के. सिंह ने बताया कि हैकाथॉन का उद्देश्य पुलिसिंग में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना और साइबर अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं आधुनिक तंत्र विकसित करना है। आयोजन में स्टार्टअप और तकनीकी संस्थानों को भी अपने साइबर सुरक्षा उत्पाद और समाधान प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

इस पहल से विद्यार्थियों, तकनीकी विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों के बीच सहयोग बढ़ेगा। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम और अनुसंधान के लिए नए तकनीकी विकल्प विकसित करने में मदद मिलेगी।

1930 हेल्पलाइन और ठगी की रकम रिकवरी पर रहेगा फोकस

हैकाथॉन में साइबर अपराधों से जुड़ी पुलिस की वास्तविक समस्याओं के समाधान तलाशे जाएंगे। इसमें 1930 साइबर हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों और साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई, ठगी की रकम की रिकवरी तथा शिकायत निवारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इसके अलावा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों से जुड़े कार्यों के ऑटोमेशन, अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई और साइबर हॉटस्पॉट की पहचान कर प्रभावी प्रवर्तन के लिए तकनीकी उपाय विकसित किए जाएंगे।

पांच तकनीकी सत्रों में होगा साइबर सुरक्षा पर मंथन

दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन पांच विशेषज्ञ सत्र आयोजित होंगे। इनमें 1930 साइबर हेल्पलाइन और त्वरित कार्रवाई, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराध, साइबर ठगी की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया, शिकायत निवारण मॉड्यूल और साइबर अपराधों से जुड़ी प्रक्रियाओं के ऑटोमेशन पर चर्चा होगी।

इसके साथ ही साइबर अपराध हॉटस्पॉट की पहचान और वहां प्रभावी कार्रवाई के लिए तकनीकी उपायों पर भी मंथन किया जाएगा।

फर्जी वेबसाइट से मनी ट्रेल तक पांच चुनौतियों पर काम करेंगी टीमें

प्रतियोगिता में चयनित टीमें पांच प्रमुख तकनीकी चुनौतियों पर काम करेंगी। इनमें फर्जी वेबसाइट, फिशिंग लिंक और संदिग्ध ऐप के जरिए होने वाली ठगी की पहचान करना शामिल है।

इसके अलावा टेलीग्राम और सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों की निगरानी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित जांच सहायक और सीडीआर एवं आईपीडीआर विश्लेषण टूल विकसित करने पर काम होगा।

एटीएम और कार्ड धोखाधड़ी की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध व्यक्तियों के चेहरे की स्पष्ट तस्वीर निकालने की तकनीक भी विकसित की जाएगी। वहीं, वित्तीय अपराधों से जुड़े डिजिटल नेटवर्क और धन के लेन-देन की कड़ियों यानी मनी ट्रेल का विश्लेषण करने वाला सिस्टम तैयार करने की चुनौती भी शामिल है।

एग्जीबिशन में दिखेंगे साइबर सुरक्षा के आधुनिक समाधान

हैकाथॉन के दौरान एक एग्जीबिशन भी आयोजित की जाएगी। इसमें आईटी कंपनियां और राजस्थान पुलिस सहित अन्य संस्थान अपने साइबर सुरक्षा से जुड़े कार्यों और तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन करेंगे।

प्रदर्शनी में एआई आधारित साइबर समाधान, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, फॉरेंसिक साइंस और डेटा एनालिसिस से जुड़े टूल्स देखने को मिलेंगे। साथ ही आर4सी के विकास के लिए राजस्थान पुलिस की ओर से अब तक किए गए प्रयासों की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। इस दौरान कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा।

15 टीमों को मिलेंगे पांच लाख रुपये के पुरस्कार

हैकाथॉन में देशभर से चयनित 37 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें जयपुर, सूरतगढ़, पुणे, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पटना और तमिलनाडु सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमें शामिल हैं। आईआईटी मद्रास, नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी और राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों की टीमें भी प्रतियोगिता में भाग लेंगी।

प्रत्येक टीम में अधिकतम चार सदस्य हो सकते हैं। टीमों को पांच में से किसी एक समस्या का चयन कर उसका तकनीकी समाधान विकसित करना होगा।

प्रत्येक श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 35 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इस तरह पांच श्रेणियों में कुल 15 पुरस्कारों के लिए पांच लाख रुपये की राशि रखी गई है।

342 टीमों के 938 प्रतिभागियों ने किया था आवेदन

हैकाथॉन के लिए 1 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण किया गया। इसमें देशभर से 342 टीमों के 938 प्रतिभागियों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया के बाद 37 टीमों का चयन किया गया है, जिनके 109 विद्यार्थियों को फाइनल के लिए आमंत्रित किया गया है।

इसके अलावा प्रत्येक साइबर क्राइम पुलिस थाने से दो पुलिसकर्मी और प्रोबेशनर्स भी इसमें हिस्सा लेंगे। जयपुर के 14 इंजीनियरिंग कॉलेजों से 70 साइबर जिज्ञासु छात्र भी आयोजन में शामिल होंगे।

राजस्थान पुलिस की इस पहल से साइबर अपराधों की रोकथाम, ठगी की रकम वापस दिलाने और पुलिस जांच को आधुनिक तकनीक से मजबूत बनाने के लिए नए समाधान विकसित होने की उम्मीद है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
कोटा में खड़े ट्रक से टकराई क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत; 8 घायल | उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन |