रेहाना रियाज ने कहा,
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह गुजरात से हैं, अडानी और अंबानी भी गुजरात से हैं। गुजरात के दो नेता गुजरात के दो उद्योगपतियों को देश बेच रहे हैं। इससे बड़ी शर्म की बात और क्या हो सकती है?”
जोधपुर पहुंचने पर रेहाना रियाज का पूर्व विधायक मनीषा पंवार के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर महिला कांग्रेस की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं।
बीजेपी के “कांग्रेस मुक्त भारत” के नारे पर प्रतिक्रिया देते हुए रेहाना रियाज ने कहा कि यह सपना कभी पूरा नहीं होगा।
उन्होंने कहा,
“कांग्रेस 140 साल पुरानी पार्टी है, यह हमारे डीएनए में है। भाजपा दिन में सपना देख रही है, जो कभी पूरा नहीं होगा।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक मजबूत संगठन है और पार्टी में लगातार जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
रेहाना रियाज ने कहा कि कांग्रेस में धीरे-धीरे सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं।
“मेरे जैसे लोग जो जमीन से जुड़े हैं, उन्हें पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर मौका दिया है। जो कार्यकर्ता लगातार मेहनत कर रहे हैं, उन्हें आगे बढ़ाया जा रहा है।”
उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वे दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और यात्राओं के जरिए आम लोगों की समस्याओं को समझ रहे हैं।
रेहाना रियाज ने कहा कि बीजेपी के बयानों पर प्रतिक्रिया देना भी बेकार है।
“बीजेपी सत्ता के नशे में कुछ भी बोलती है। कांग्रेस ने इस देश को एकजुट रखने का काम किया, जबकि बीजेपी उसे तोड़ने का प्रयास कर रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जो संस्थाएं और मूल मूल्य देश के लिए बनाए, बीजेपी उन्हें खत्म कर रही है।
अरावली पर्वतमाला के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को “वंदे मातरम्” की पंक्ति “सुजलाम सुफलाम” का सही अर्थ समझना चाहिए।
उन्होंने कहा,
“धरती का श्रृंगार जल, जंगल, पहाड़ और हरियाली से होता है। अरावली को नष्ट करने का काम आधुनिक दुशासन की तरह किया जा रहा है, लेकिन राजस्थान सहित जहां-जहां अरावली है, वहां जनता कृष्ण की तरह खड़ी हो गई है।”
उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पर्यावरण, संविधान और देश की मूल भावना की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
इस दौरान शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ओमकार वर्मा, पूर्व अध्यक्ष नरेश जोशी, फिरोज खान, धनपत गुर्जर, राकेश चौधरी, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव रूबीना खान, विजयलक्ष्मी पटेल, रेखा लोहिया, मुन्नी देवी गोदारा, फरजाना चौहान, दिव्या गहलोत, सपना सांखला, शबनम अब्बासी, अंजुला रोपिया, अनीता कुमारी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जोधपुर दौरे के दौरान रेहाना रियाज के बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर उद्योगपतियों को प्राथमिकता देने और जनता के हितों की अनदेखी का आरोप दोहराया है। आने वाले समय में इस तरह के बयान सियासी बहस को और तेज कर सकते हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.